अलेप्पी: भारत का पूर्वी वेनिस, जहां बैकवॉटर और समुद्र तटों की खूबसूरती है लाजवाब

Ujala Sanchar

Travel

अलेप्पी शहर की सुंदरता किसी का भी दिल जीत लेगी। केरल राज्य में स्थित इस शहर को उसकी खूबसूरत बैकवॉटर और शांत समुद्री तटों की वजह से ‘पूर्व का वेनिस’ कहा जाता है। अगर आप समर वेकेशन में किसी खास जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अलेप्पी आपकी सूची में जरूर होना चाहिए। यह जगह आपको इटली के मशहूर वेनिस जैसा अनुभव देगी, लेकिन बिना वीज़ा या पासपोर्ट के!

हाउसबोट क्रूज का मजा

अलेप्पी का सबसे बड़ा आकर्षण है यहां की हाउसबोट क्रूज। पानी के बीच तैरती इन हाउसबोट्स में आप ठहर सकते हैं और रात के समय केरल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकते हैं। हाउसबोट में रुकने के लिए आपको 12,000 रुपये प्रति रात खर्च करने होंगे। वहीं, अगर आप कोच्चि तक की बोट यात्रा करना चाहते हैं, तो कपल्स को 48,000 रुपये देने होंगे। यह अनुभव आपकी यात्रा को यादगार बना देगा।

स्वादिष्ट खानपान का मजा

बहुत कम लोग जानते हैं कि अलेप्पी खाने-पीने के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां आपको शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह का स्वादिष्ट खाना मिलेगा। अलेप्पी के भोजन की खासियत यह है कि इसे नारियल के तेल में पकाया जाता है, जो इसे स्वादिष्ट और सेहतमंद बनाता है। अलेप्पी आकर शापी मीन करी, इडली सांभर, इडियप्पम, पुट्टु और कडाला, और थालास्सेरी बिरयानी जैसे लाजवाब व्यंजनों का स्वाद लेना न भूलें।

घूमने की जगहें

कुट्टनाड: धान का कटोरा

अलेप्पी का कुट्टनाड क्षेत्र मुख्य पर्यटन स्थल है। इस जगह को ‘राज्य का बैकवॉटर पैराडाइज’ भी कहा जाता है। यहां सबसे ज्यादा चावल की खेती होती है, इसलिए इसे ‘धान का कटोरा’ भी कहते हैं। आप यहां नाव की सवारी करते हुए शानदार नजारे देख सकते हैं और गांव की सादगी का आनंद ले सकते हैं।

See also  वंदे भारत से 1570 रुपये में आगरा से पहुंचेंगे बनारस, अन्य स्टेशनों के लिए इतना होगा किराया 
अलेप्पी चर्च: शांति का केंद्र

अलेप्पी में स्थित पंपा नदी के किनारे यह चर्च एक और आकर्षण है। इसे 1819 में बनाया गया था और यह आज भी एकदम नया सा लगता है। इसे एडथुआ चर्च और सेंट जॉर्ज फोरेन चर्च के नाम से भी जाना जाता है। अगर आप शांति के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए परफेक्ट है।

वेम्बनाड झील: प्रकृति का अद्भुत नजारा

अलेप्पी में आपको केरल की सबसे बड़ी झील वेम्बनाड देखने को मिलेगी। यह भारत की सबसे लंबी झील भी मानी जाती है। आप यहां बोटिंग का आनंद ले सकते हैं और झील के चारों ओर फैले नारियल के पेड़ और धान के खेतों का नजारा देख सकते हैं। यहां लोग पिकनिक मनाने भी आते हैं, जो इसे एक फैमिली डेस्टिनेशन बनाता है।

नेहरू ट्रॉफी बोट रेस: उत्साह का संगम

अगर आप सही समय पर अलेप्पी जाएं, तो यहां होने वाली नेहरू ट्रॉफी बोट रेस का लुत्फ जरूर उठाएं। यह केरल का मुख्य आकर्षण है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। यह बोट रेस पूरे दक्षिण भारत का पारंपरिक खेल है और इसे देखने का अनुभव अद्वितीय है।

तो अगर आप इस बार की छुट्टियों में कुछ खास और नया अनुभव करना चाहते हैं, तो अलेप्पी को अपने यात्रा की सूची में जरूर शामिल करें।

Spread the love

Leave a Comment