सोलर इंडस्ट्री प्रोजेक्ट की फाइल लटकाए रखी, लखनऊ में करीबी बाबू गिरफ्तार
यूपी के सीनियर IAS अधिकारी अभिषेक प्रकाश को सस्पेंड कर दिया गया है। अभिषेक ने सोलर इंडस्ट्री प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए बिजनेसमैन से 5 फीसदी कमीशन मांगा था। कमीशन न मिलने पर अभिषेक ने प्रोजेक्ट की फाइल रोक दी। IAS अधिकारी ने अपने करीबी निकांत जैन के जरिए बिजनेसमैन से रिश्वत की डिमांड की थी। बिजनेसमैन ने इसकी शिकायत सीएम योगी से की।
मुख्यमंत्री ने मामले की STF से जांच कराई। जांच में मामला सही मिला। बिजनेसमैन की शिकायत पर STF ने केस दर्ज कर निकांत जैन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में निकांत जैन ने कबूला है कि वह IAS अभिषेक के कहने पर 5 फीसदी रिश्वत मांग रहा था। STF ने इसकी जानकारी सीएम योगी को दी।
इसके बाद अभिषेक को सस्पेंड कर दिया गया। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। IAS अभिषेक प्रकाश औद्योगिक विकास विभाग के सचिव और इन्वेस्ट यूपी के CEO थे। कार्रवाई के बाद से अभिषेक प्रकाश किसी के संपर्क में नहीं है। वह अंडरग्राउंड हो गए हैं।

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।