गाजीपुर: शनिवार की शाम सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमूदपुर हथिनी गांव में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। घटना तब हुई, जब किसान खेत में धान के बीज लगाने के लिए अपने पंप से को चालू कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाई शुरू कर दी है।
महमूदपुर हथिनी गांव निवासी रामा यादव (47) पुत्र परशुराम यादव शनिवार की शाम खेतों में धान के फसल की तैयारी के सिलसिले में नर्सरी लगाने का काम कर रहा था। नर्सरी में पानी देने के लिए वह अपने पंपसेट पर पहुंचा। जैसे ही उसे ऑन करना चाहा, रामा यादव करंट की चपेट में आ गया।
कुछ देर बाद जब परिजनों को इसका पता चला, तो वह रामा यादव को करंट से अलग कर तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां जांच कर डॉक्टर ने रामा यादव को मृत घोषित कर दिया। मौत का पता चलते ही मृतक रामा यादव की पत्नी संजू और मां मुगिया देवी सहित सभी परिजनों में कोहराम मच गया।
रामा अपने पीछे तीन अविवाहित पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। रामा की मौत ने परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।