बिहार। छठ महापर्व के बाद यात्रियों की भारी भीड़ के बीच छपरा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान कांस्टेबल सुशील कुमार ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से एक महिला यात्री की जान बचा ली। घटना 30 अक्टूबर 2025 की है।
जानकारी के अनुसार, आज छपरा रेलवे स्टेशन पर IPF CIB छपरा, IPF TE/GKP, तथा SI विशाल कुमार (RPF पोस्ट छपरा) अपने स्टाफ के साथ सुरक्षा बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान विशेष ट्रेन संख्या 04453 (मानसी – नई दिल्ली) प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर दोपहर 11:53 बजे पहुंची और 12:05 बजे प्रस्थान करने लगी।
इसी बीच, अनीता देवी (पत्नी बाबूलाल शाह, निवासी मघवलिया नगर, थाना मड़ावरा, जनपद सारण, उम्र लगभग 35 वर्ष), जो छपरा से नई दिल्ली जाने वाली थीं, चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। संतुलन बिगड़ने के कारण वे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाई में जा गिरीं।
ठीक उसी समय प्लेटफॉर्म पर तैनात कांस्टेबल सुशील कुमार (छठवीं बटालियन आरपीएसएफ, नई दिल्ली) ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर अपनी लाठी फेंकी और महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह पूरा दृश्य CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य सुरक्षा कर्मी भी मौके पर पहुंचे और तुरंत भीड़ को नियंत्रित किया। महिला यात्री को मानसिक शांति और चिकित्सकीय जांच के लिए स्टेशन परिसर में प्राथमिक उपचार दिया गया। सौभाग्य से उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई।
मानसिक रूप से स्थिर होने के बाद अनीता देवी अपने साथ यात्रा कर रही अन्य महिलाओं के साथ नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। उन्होंने और अन्य यात्रियों ने RPF कांस्टेबल सुशील कुमार की बहादुरी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस साहसिक कार्य की पूरे दिन छपरा स्टेशन पर चर्चा बनी रही, और यात्रियों व अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना की।










