गाजीपुर। सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पिछले लगभग एक महीने से लिवर, किडनी और हृदय से संबंधित कई महत्वपूर्ण जांचें बंद होने के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन जांचों में लिवर फंक्शन टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल टेस्ट और सिरम क्रिएटिनिन टेस्ट सहित कुल 14 प्रकार की जांचें शामिल हैं।जांचें बंद होने के कारण मरीजों को सरकारी अस्पताल में मिलने वाली मुफ्त जांच सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मजबूरी में उन्हें निजी पैथोलॉजी लैब में महंगे शुल्क देकर जांच करानी पड़ रही है। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जो सस्ती चिकित्सा सुविधा के लिए सीएचसी पर ही निर्भर रहते हैं।बताया जा रहा है कि यह समस्या बायोकेमिकल एनालाइजर मशीन के खराब हो जाने के कारण उत्पन्न हुई है।
मशीन के खराब होने से संबंधित सभी जांचें प्रभावित हो गई हैं और मरीजों को आवश्यक चिकित्सा जांच समय पर नहीं मिल पा रही है।सीएचसी के अधीक्षक डॉ. संजीव सिंह ने बताया कि मशीन का एक महत्वपूर्ण पार्ट खराब हो जाने के कारण यह समस्या सामने आई थी।
इसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों और संबंधित विभाग को दे दी गई थी।उन्होंने बताया कि अब मशीन का नया पार्ट स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच गया है और मैकेनिक को बुलाया गया है। उम्मीद है कि मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद एक-दो दिन के भीतर मशीन फिर से चालू हो जाएगी और मरीजों को दोबारा मुफ्त जांच सुविधा का लाभ मिलने लगेगा।






