Search
Close this search box.

सआदतपुर (सोहबतियां) में भव्य कलश यात्रा के साथ 7 दिवसीय रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ

गाजीपुर । जंगीपुर क्षेत्र अंतर्गत सआदतपुर (सोहबतियां) गांव में सोमवार को 7 दिवसीय रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के बीच भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन की शुरुआत गांव स्थित शिव मंदिर परिसर से की गई, जहां से 501 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे विधि-विधान के साथ यात्रा निकाली।

कलश यात्रा शिव मंदिर से निकलकर पूरे गांव का भ्रमण करती हुई बेसो नदी तट पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच पुजारियों ने विधिपूर्वक कलश में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु जल लेकर यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तिमय भजनों से वातावरण गुंजायमान रहा। “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा गांव भक्तिरस में डूब गया।

जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई। यज्ञ स्थल के समीप बच्चों के मनोरंजन के लिए खेल-तमाशे और दुकानें भी सजाई गई हैं, जिससे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल है।यह आयोजन श्री श्री 108 रामदास महाराज के सान्निध्य एवं उनके शिष्य जयराम दास महाराज की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर हीरा यादव साधु, मारकंडेय यादव, रामदास यादव, पारस यादव, रामायण यादव, वीरेंद्र यादव, बल्ली यादव, जिला पंचायत सदस्य,नरेंद्र यादव, प्रेम सिंह यादव, हरेंद्र यादव, राम अवतार यादव, लव यादव और कन्हैया यादव, नागेन्द्र यादव सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आगामी दिनों में प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर

Leave a Comment

और पढ़ें