रेणुकूट (सोनभद्र)। ग्रीनलैंड स्कूल में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विद्यालय के फाउंडेशनल ग्रुप (कक्षा प्ले से कक्षा 2 तक) के नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का मनमोहक प्रदर्शन किया।

रंग-बिरंगे एवं आकर्षक परिधानों में सजे बच्चों ने रैम्प पर अपने सधे हुए कदम, आत्मविश्वासी अंदाज़ और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता को जूनियर ग्रुप, सीनियर ग्रुप एवं पेयर ग्रुप—तीन वर्गों में विभाजित किया गया था, जिसमें प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और प्रतिभा का बेहतरीन परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गई तीन ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु निर्णायक मंडल में तीन विशिष्ट महिलाओं की उपस्थिति रही।

प्रथम निर्णायक के रूप में श्रीमती गीता सिंह, जो एक जानी-मानी एवं अनुभवी नृत्य शिक्षिका हैं, ने अपनी कलात्मक समझ और मंचीय अनुभव के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

द्वितीय निर्णायक के रूप में श्रीमती राजश्री उपस्थित रहीं, जो एक सक्रिय समाजसेवी महिला हैं। वे वनिता ग्रुप के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्य कर रही हैं तथा सामाजिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

तृतीय निर्णायक के रूप में श्रीमती रीना सिंह, ग्रीनलैंड स्कूल की प्रधानाध्यापिका, ने अपनी शैक्षणिक दृष्टि और मार्गदर्शन से कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित माताओं की रैम्प वॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे उपस्थित दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा।

कार्यक्रम का संचालन कर रही प्रथम कक्षा की छात्रा समृद्धि पाल एवं दूसरी कक्षा की छात्रा नवजोत कौर ने अपनी अध्यापिका मेराज कौसर के निर्देशन में बेहद सधे हुए अंदाज में एक कुशल मंच संचालक की भूमिका निभा कर उपस्थितजनो को प्रशंसा के लिए मजबूर कर दिया।

यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यालय की डायरेक्टर रीता सिन्हा द्वारा अवॉर्ड वितरण के उपरांत प्रधानाचार्या श्रीमती रीना सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।








