Search
Close this search box.

जिलाधिकारी ने किया नवचेतना एफपीओ का निरीक्षण

दुग्ध आउटलेट और 5 मीट्रिक टन कोल्ड स्टोरेज का किया उद्घाटन

मीरजापुर 01 फ़रवरी 2026- जनपद में कृषि और महिला स्वावलंबन को नई ऊंचाई पर ले जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विकास खण्ड सीखड़ स्थित नवचेतना एफपीओ का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जागृति स्वयं सहायता समूह (यसएचजी) और नवचेतना के समन्वय से स्थापित एक आधुनिक मिल्क आउटलेट का भव्य उद्घाटन किया।

किसानों को मिली कोल्ड स्टोरेज की सौगात

इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा केंद्र पर 5 मीट्रिक टन क्षमता के कोल्ड स्टोरेज का भी लोकार्पण किया गया। इस कोल्ड स्टोरेज की स्थापना से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से टमाटर और मिर्च जैसी जल्दी खराब होने वाली फसलों की ‘शेल्फ लाइफ’ (भंडारण क्षमता) बढ़ जाएगी, जिससे किसानों को बाजार में बेहतर दाम मिल सकेंगे। जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उप निदेशक उद्यान मेवा राम के सहयोग से निर्मित यह कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा।

स्वयं सहायता समूह की दीदियों का बढ़ाया उत्साह

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वर्मीकम्पोस्ट (जैविक खाद) इकाई और कोल्ड स्टोरेज के कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वहां उपस्थित स्वयं सहायता समूह की दीदियों और प्रगतिशील किसानों से संवाद करते हुए कहा कि, “यदि एसएचजी और किसान एकजुट होकर काम करें, तो सीखड़ ब्लॉक के उत्पादों को राष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने समूह की महिलाओं को और अधिक सशक्त होने और उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपनिदेशक उद्यान मेवाराम, जिला कृषि अधिकारी डॉ अवधेश यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा किसानों को तकनीकी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ निरंतर प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारी संख्या में समूह की दीदियाँ और स्थानीय किसान मौजूद रहे, जिन्होंने इस नई शुरुआत पर हर्ष व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें