मिर्जापुर के मड़िहान क्षेत्र में सिरसी बांध से प्रभावित किसानों ने अपनी सिंचाई की समस्या को लेकर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात की। किसानों ने बरौधा फिडर माइनर और बारीपुर माइनर क्रॉसिंग पर पंप लगवाकर सिंचाई की स्थायी व्यवस्था करने की मांग रखी।
किसानों ने बताया कि वे छोटे और सीमांत किसान हैं और उनकी रोजी-रोटी पूरी तरह खेती पर निर्भर है। खेती के लिए पानी सबसे जरूरी है, लेकिन लंबे समय से उन्हें सिंचाई की गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
किसानों के अनुसार, पहले धनरौल बांध से निकलने वाली मड़िहान शाखा की बारीपुर माइनर से कन्हईपुर अतरी उत्तर, अतरी दक्षिण, रामपुर अतरी और चाल्हा गांवों की खेती सिंचित होती थी। लेकिन पिछले करीब 25 सालों से सिरसी बांध से निकलने वाली बरौधा फिडर माइनर के पानी के प्रभाव से बारीपुर माइनर बंद हो गई है।
इसके कारण बारीपुर माइनर में पानी आना पूरी तरह रुक गया है और हजारों बीघा खेती की जमीन सूखी पड़ी है। किसानों ने बताया कि सिंचाई न होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने मांग की कि कन्हईपुर अतरी उत्तर में बारीपुर माइनर के क्रॉसिंग पॉइंट पर पंप लगाया जाए या पाइपलाइन के जरिए दोनों हिस्सों को जोड़ा जाए। किसानों का कहना है कि अगर यह व्यवस्था हो जाती है तो करीब 10 हजार बीघा भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।










