बलिया। बेऔलाद होने के तानों से क्षुब्ध होकर सगे चाचा-चाची द्वारा अपने ही 9 वर्षीय भतीजे की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना जनपद के सहतवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगही गांव की है, जहां मासूम अभिषेक उर्फ मोदी की हत्या कर उसका शव घाघरा नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चाचा गणेश प्रजापति ने स्वयं थाने पहुंचकर तहरीर दी कि उसका भतीजा घर के पास खेलते-खेलते लापता हो गया है। तहरीर देने के बाद वह पुलिस और ग्रामीणों के साथ मिलकर शव तलाशने का नाटक करता रहा। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान जब मृतक के चाचा-चाची पर संदेह गहराया तो पुलिस ने सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर गणेश प्रजापति और उसकी पत्नी अमृता से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त गणेश ने बताया कि उसकी बड़ी भाभी द्वारा उसकी पत्नी को बार-बार बच्चा न होने और निरवंश रहने के ताने दिए जाते थे, जिससे दोनों मानसिक रूप से परेशान थे। इसी क्षोभ में हत्या की साजिश रची गई। योजना के तहत मृतक के एक दोस्त को बहला-फुसलाकर अभिषेक को साथ लाया गया। बाद में गणेश प्रजापति अभिषेक को मोटरसाइकिल से घाघरा नदी किनारे ले गया, जहां ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को 64 बंधा के पास नदी में फेंक दिया।
आरोपी ने बाद में शव खोजने की कवायद में भी हिस्सा लिया और बच्चे के दोस्त को धमकी दी कि घटना की जानकारी किसी को न दे, वरना अंजाम बुरा होगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम और सर्विलांस टीम को ₹25,000 का इनाम देने की घोषणा की गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
संजय सिंह, रिपोर्टर
बलिया, उत्तर प्रदेश









