बलिया। बिहार निवासी अजय कुमार ने कानपुर के धर्मेंद्र यादव पर 18 चक्का ट्रक की खरीद–फरोख्त में गंभीर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने ट्रक संख्या UP 78 HT 1343 धर्मेंद्र यादव से खरीदी थी, जिसके एवज में 5 लाख रुपये नकद, 4 लाख रुपये कागजात व गाड़ी बनवाने के नाम पर तथा 1,29,500 रुपये बकाया किस्त के रूप में भुगतान किया गया था।
अजय कुमार का आरोप है कि तीन किस्त टूटने के बाद टेंगरा मोड़ बाईपास बालू मंडी के पास HDFC बैंक के कर्मियों ने ट्रक को पकड़कर अपने यार्ड में खड़ा करवा दिया। इसके बाद उनसे 4 लाख 36 हजार रुपये बकाया किस्त तथा 24 हजार रुपये रेपो रेट चार्ज के रूप में भी जमा कराए गए। इतना सब भुगतान करने के बावजूद धर्मेंद्र यादव ने कथित तौर पर उसी ट्रक को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।
पीड़ित ने बताया कि जीपीएस के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि ट्रक किसी और को बेचा जा चुका है। जब वे कागजात दिखाते हुए टेंगरा मोड़ बालू मंडी के पास ट्रक को रुकवाए तो चालक से काफी नोकझोंक हुई। चालक ने दावा किया कि उसने ट्रक धर्मेंद्र यादव से 21 लाख रुपये में खरीदा है और बकाया किस्त HDFC बैंक में जमा कराकर ट्रक रिलीज कराया गया है।
विवाद बढ़ने पर अजय कुमार ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर रमरा पुलिस चौकी पर खड़ा करवा दिया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संजय सिंह
प्रेस रिपोर्टर, बलिया









