बलिया। राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए महासंघ के सभी घटक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को पूर्वाह्न टाउन हाल क्रांति मैदान से एक विशाल महारैली निकाली जाएगी, जो हड़ताल के समर्थन में आयोजित की जा रही है।
जयप्रकाश सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा लाए गए कर्मचारी विरोधी काले कानूनों के तहत कर्मचारियों के मौलिक अधिकार छीने जा रहे हैं और उनकी आवाज दबाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। ऐसे कानूनों को वापस लिया जाना आवश्यक है, इसी के समर्थन में यह रैली आयोजित की जा रही है।
महासंघ के महासचिव राजेश रावत ने सभी घटक संगठनों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर हड़ताल को कामयाब बनाएं। वहीं आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने सभी महिला कर्मचारी बहनों से 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में एकजुटता दिखाने का आह्वान किया और कहा कि सरकार द्वारा लाए जा रहे फोर लेबर कोड को वापस लेने के लिए कर्मचारियों को मजबूती से खड़ा होना होगा।
बैठक में राजकीय चालक संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह, पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष जनार्दन यादव, अशोक श्रीवास्तव, दिनेश प्रजापति सहित सैकड़ों कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: संजय सिंह






