वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के अंतर्गत महमूदपुर गांव में रेलवे फाटक के पास स्थित घरों, मंदिर और स्कूल पर कथित रूप से गलत तरीके से नोटिस चिपकाए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके घर, मकान, मंदिर और स्कूल बाप-दादा के जमाने से कायम हैं और सभी निर्माण अपने-अपने आराजी नंबर पर राजस्व नक्शे के अनुसार बने हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार रेलवे लाइन नक्शे के मुताबिक 40 से 46 फुट की दूरी पर स्थित है और संबंधित आराजी से रेलवे विभाग का कोई सरोकार नहीं है, जो राजस्व अभिलेखों से भी स्पष्ट होता है। इसके बावजूद रेलवे विभाग द्वारा अनाधिकार रूप से घरों, मंदिर और स्कूल पर नोटिस चस्पा कर अतिक्रमण बताने और कार्रवाई की चेतावनी देने का आरोप लगाया गया है।

इस मामले को लेकर गांव के लोगों ने वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य), जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी तथा उत्तर रेलवे वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता








