Search
Close this search box.

गाजीपुर : मरदह के शहीद फीडर पर बिजली संकट गहराया, ग्रामीणों ने शक्ति भवन पहुंच UPPCL अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर : मरदह क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ‘शहीद फीडर’ से जुड़े दर्जनों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण लखनऊ स्थित शक्ति भवन पहुंचे और उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के अध्यक्ष से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने फीडर के जर्जर पैनल को तत्काल बदलवाने और नई केबल लगाने की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि शहीद फीडर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। हालात यह हैं कि बिजली हर दो-दो मिनट पर ट्रिप कर रही है, जिससे न केवल लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि घरेलू उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना हुआ है। बार-बार की ट्रिपिंग से पंखे, फ्रिज, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके अलावा वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या भी बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि फीडर का पैनल पूरी तरह जर्जर हो चुका है और अब तत्काल इसके परिवर्तन की आवश्यकता है। साथ ही नई केबल डालने की भी जरूरत बताई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न उत्पन्न हो। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिशासी अभियंता, गाजीपुर को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।बिजली की अनियमित आपूर्ति का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से फसलों को नुकसान हो रहा है। वहीं छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, विशेषकर परीक्षा के समय में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।अध्यक्ष को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि शहीद फीडर के जर्जर पैनल को तत्काल बदलकर नई केबल लगाई जाए, संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के लिए कड़े निर्देश दिए जाएं तथा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान लवकुश मौर्य, जिला पंचायत सदस्य शैलेश यादव, सत्येंद्र सिंह, अनिल सिंह कुशवाहा, प्रभाकर सिंह, आर्य सिंह, पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें