Search
Close this search box.

मनरेगा बचाओ संग्राम: बलिया में कांग्रेस की विशाल रैली, भाजपा सरकार पर मजदूर विरोधी होने का आरोप

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को बचाने के लिए कांग्रेस की विशाल रैली, भाजपा सरकार पर मजदूर विरोधी होने का आरोप

बलिया। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत बुधवार को ब्रम्हाईन मंदिर, ब्रम्हाईन हनुमानगंज से एक विशाल रैली निकाली गई। रैली शहीद पार्क चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई, जहां वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मनरेगा योजना की अनदेखी और बजट में कटौती का आरोप लगाया।

सभा के मुख्य अतिथि मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के प्रभारी एवं पूर्व विधायक पशुपति नाथ राय (दिलदारनगर, गाजीपुर) तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सुधीर राय (फेफना) रहे।

पूर्व विधायक पशुपति नाथ राय ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लागू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरों को 100 दिन का रोजगार दिया जाता है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर कर रही है, जिससे ग्रामीण मजदूर और किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार योजना का नाम बदलने की कोशिश कर रही है।

विशिष्ट अतिथि सुधीर राय ने कहा कि जहां मजदूरों की मजदूरी बढ़ाई जानी चाहिए, वहां सरकार बजट में कटौती कर रही है। इससे ग्रामीण मजदूरों के साथ विश्वासघात हो रहा है।

जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि बजट में कटौती, मजदूरी के भुगतान में देरी और तकनीकी अड़चनों के कारण मजदूरों और किसानों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मनरेगा में केंद्र सरकार 90 प्रतिशत राशि देती थी, जबकि वर्तमान में 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाने की व्यवस्था है। ऐसे में जब केंद्र और राज्य सरकारों का कोष खाली है, तो मजदूरों को समय पर भुगतान कैसे होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में मनरेगा जैसी “पवित्र योजना” को बचाने के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष करती रहेगी।

रैली में सच्चिदानंद तिवारी, पुनीत पाठक, जैनेन्द्र पाण्डेय ‘मिंटू’, ओम प्रकाश तिवारी, परशुराम जी, जनार्दन उपाध्याय, संतोष चौबे, सागर सिंह राहुल, कोकील राम, उषा सिंह, अंजनी राम, राजनाथ पाण्डेय, विवेक ओझा, प्रेमचंद्र मौर्य, ओमकार तिवारी, सूर्यकांत यादव, पारस नाथ वर्मा, राजेन्द्र सिंह ‘गामा’, विजय ओझा, अमित उपाध्याय, राहुल चौबे, राजू मिश्रा, यश मिश्रा ‘बंटी’, श्री प्रकाश मिश्र, अमरनाथ, मदन यादव, गिरीश कांत गांधी, शशिकांत मिश्रा, गयासुद्दीन, रोहित यादव, रघु शर्मा, आरिफ खान, राशिद कमाल, नरेंद्र पाण्डेय, सुजीत पाठक, बैजनाथ राम (सीडीओ) सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बलिया से रिपोर्टर संजय सिंह

Leave a Comment

और पढ़ें