वाराणसी। जिला प्रशासन की अभिनव पहल के अंतर्गत 13 फरवरी 2026 को आयोजित ‘घाट संध्या’ कार्यक्रम के प्रथम चरण में देहरादून से पधारे युवा कलाकार आयुष जोशी ने भजन प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की वंदना ‘जय-जय जननी श्री गणेश’ से शुरुआत करते हुए ‘गंगा रेती पे बगुला छवा दा मोरे राजा’, ‘शंकर भोले-भोले’ तथा समापन ‘बरतिया लेने आई गयो रे बम-बम भोला’ जैसे भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगत कलाकार के रूप में तबला पर हिमांशु कुशवाहा एवं सारंगी पर ओम सहाय मिश्रा ने सधी हुई प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगाए।

द्वितीय चरण में बेंगलुरु से पधारी गुरु एवं कलाकार अपर्णा मेनन ने अपनी शिष्याओं—रंजीता दास, प्रिया पद्मनाभ एवं श्री लक्ष्मी गणेश—के साथ दक्षिण भारत के तमिल राज्य की प्रसिद्ध नृत्य विधा भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुति दी। नृत्य की शुरुआत ‘आनंदा नर्तन गणपति’ से हुई, इसके बाद ‘नंदनार कृति महादेवा शिव शंभू’ प्रस्तुत किया गया तथा समापन ‘तिल्लाना’ से किया गया।

कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का हृदय जीत लिया। पद, लय, ताल और अंग संचालन का अद्भुत समन्वय मंच पर देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में समस्त कलाकारों को प्रमाण पत्र एवं आशीर्वचन अमूल्य सिन्हा (अभिनव विचार मंच रामनगर अध्यक्ष) तथा नूरुल शेख (उपाध्यक्ष) द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संयोजन ‘सुबह-ए-बनारस’ के सचिव एवं संस्थापक डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया, जबकि सफल संचालन सीमा केशरी ने किया। इस अवसर पर विनोद मेनन, सिद्धार्थ मेनन, अरुण द्विवेदी, राजेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।









