गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के जखनिया तहसील अंतर्गत दुल्लहपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा अमारी के कदिशाह पुर गांव में पिछले तीन वर्षों से चकमार्ग पर चला आ रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई के बाद समाप्त हो गया।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया और ग्रामीणों के लिए रास्ता बहाल कराया।
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार कदिशाह पुर गांव में लालबहादुर चौहान द्वारा चकमार्ग पर ईंटें और झाड़-झंखाड़ रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था। आरोप है कि यह कब्जा कथित रूप से प्रधान पति कमलेश चौहान के संरक्षण में किया गया था। रास्ता बंद होने से स्थानीय निवासी शिवचंद चौहान का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
न्याय के लिए लंबी लड़ाई
पीड़ित शिवचंद चौहान ने राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन समाधान न निकलने पर मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय से सख्त रुख अपनाए जाने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ।
प्रशासनिक कार्रवाई
शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में कानूनगो, लेखपाल तथा दुल्लहपुर थाना की भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। प्रशासन ने अवैध रूप से रखी गई ईंटें और झाड़-झंखाड़ हटवाकर चकमार्ग को पूरी तरह साफ कराया।
रिपोर्ट- उमेश यादव








