प्रयागराज। प्रयागराज में माघ मेला–2026 के अंतिम प्रमुख स्नान पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, माघ मेला स्थित तीर्थराज सभागार में विस्तृत पुलिस ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जोगेन्द्र कुमार, पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज ने की।

यातायात एवं नो-व्हीकल जोन व्यवस्था
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) पुष्कर वर्मा ने बताया कि नो-व्हीकल जोन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए पूर्व निर्धारित डायवर्जन योजना लागू रहेगी। ट्रैफिक कंट्रोल रूम एवं आईसीसीसी के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी तथा पुराने पुल और अन्य प्रमुख मार्गों पर जाम न लगे, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
स्नान, पार्किंग और घाटों की सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक, माघ मेला नीरज कुमार पांडे ने निर्देशित किया कि स्नान व्यवस्था के साथ प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। संगम क्षेत्र में पर्याप्त भीड़ की संभावना जताई गई है।
हेलिपैड, गल्ला मंडी, किसान पार्किंग एवं प्लॉट संख्या–17 की पार्किंग सक्रिय रहेगी। महाशिवरात्रि के दिन किसी भी वाहन को घाटों तक जाने की अनुमति नहीं होगी।
जलस्तर वृद्धि, कटान क्षेत्र एवं स्नान-वर्जित स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। जल पुलिस और फ्लड टीमें सक्रिय रहेंगी ताकि असुरक्षित स्थानों पर स्नान न हो।
व्यवस्थाओं की संयुक्त समीक्षा
मेलाधिकारी ऋषिराज ने अधिकारियों को संयुक्त भ्रमण कर घाटों, चेंजिंग रूम, शौचालय, साइनेज आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और किसी भी अव्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
ग्रिड सिस्टम और सुरक्षा प्रबंधन
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा ने संगम क्षेत्र में पूर्ववत ग्रिड सिस्टम लागू रखने, बैरियर एवं डायवर्जन योजना प्रभावी करने तथा घाटों के पास अनधिकृत दुकानों व भिक्षावृत्ति पर नियंत्रण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मेला क्षेत्र स्थित मनकामेश्वर, नागवासुकी, सोमेश्वर महादेव सहित प्रमुख शिवालयों में भीड़ प्रबंधन के लिए ड्यूटी श्रेणीवार विभाजित की जाएगी। महिला-पुरुष की अलग कतार, त्वरित निकास व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। यू.पी.-112 वाहन, महिला हेल्प डेस्क व अन्य विशेष ड्यूटियों की भी समीक्षा की गई।
पीक डे ड्यूटी और सघन चेकिंग
पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार ने निर्देश दिया कि अटेंडेंस प्रणाली पुनः सक्रिय कर प्रत्येक कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पीक डे ड्यूटी 14 फरवरी प्रातः 08:00 बजे से 16 फरवरी प्रातः 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
संभावित सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर बीडीडीएस, एलआईयू व अन्य इकाइयों के साथ समन्वय कर संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अब तक के सभी स्नान पर्वों के सफल आयोजन हेतु पुलिस बल की सराहना की गई और महाशिवरात्रि पर्व को भी सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद यादव सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।








