बलिया। जनपद बलिया के रसड़ा तहसील अंतर्गत नसीरपुर ग्राम सभा में खुदाई के दौरान कथित रूप से बौद्धकालीन अवशेष मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। जैसे ही यह खबर ग्रामीणों को मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों का कहना है कि खुदाई के दौरान प्राचीन ईंटें, मूर्ति के टुकड़े एवं अन्य पुरातात्विक महत्व की वस्तुएं दिखाई दीं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह स्थल बौद्धकालीन हो सकता है। ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने की मांग करते हुए जिला अधिकारी को पत्रक सौंपा है। उनका कहना है कि जमीन को तत्काल प्रभाव से पुरातत्व विभाग के अधीन किया जाए ताकि अवशेषों की वैज्ञानिक जांच हो सके और क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रह सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जब तक पुरातत्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच नहीं कर लेती, तब तक स्थल पर किसी भी प्रकार की खुदाई या निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह के साथ-साथ जिज्ञासा भी देखी जा रही है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और पुरातत्व विभाग की जांच पर टिकी हैं।
रिपोर्ट – संजय सिंह,
बलिया, उत्तर प्रदेश









