Search
Close this search box.

महुली के आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न

वाह्य केंद्र व्यवस्थापक व स्टैटिक मजिस्ट्रेट को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर दी गई भावभीनी विदाई

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी तहसील क्षेत्र के महुली स्थित आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित हाई स्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 12 मार्च को इंटरमीडिएट कंप्यूटर विषय की परीक्षा के साथ सकुशल संपन्न हो गई।


परीक्षा की समाप्ति के बाद विद्यालय परिवार की ओर से एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह का आयोजन कर वाह्य केंद्र व्यवस्थापक सत्यनारायण कन्नौजिया एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट मिथिलेश कुमार सोनकर को फूलमाला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक राकेश कुमार कन्नौजिया ने कहा कि बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य को निष्पक्षता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन अधिकारियों की सतर्कता तथा विद्यालय परिवार के सहयोग से परीक्षा का यह दायित्व पूरी शुचिता और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

वाह्य केंद्र व्यवस्थापक सत्यनारायण कन्नौजिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली में परीक्षा व्यवस्था अत्यंत अनुशासित, पारदर्शी और व्यवस्थित रही। उन्होंने विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके कारण परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

वहीं स्टैटिक मजिस्ट्रेट मिथिलेश कुमार सोनकर ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर अनुशासन, व्यवस्था और पारदर्शिता का वातावरण सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार ने जिस समन्वय और सजगता के साथ कार्य किया, वह अन्य संस्थानों के लिए भी एक अच्छा उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक महबूब आलम, कृष्ण मुरारी, जयप्रकाश शर्मा, अमित कुमार मिश्रा, संतोष कुमार कन्नौजिया, अवधेश कुमार यादव, आलोक कुमार, कृष्णा कुमार, मेराज अंसारी, विकास कुमार, शंभूनाथ गुप्ता सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें