चंदौली। डीडीयू नगर। डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और योगदान को स्मरण करते हुए अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन, चंदौली के तत्वावधान में ‘रन फॉर अम्बेडकर’ विशाल जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस के उपरांत आयोजित सभा में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुद्धमित्र मुसाफिर ने कहा कि बाबा साहब एक महामानव थे, जिनके कार्यों की ख्याति देश-विदेश तक फैली है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के शोधकार्य ‘प्रॉब्लम ऑफ रुपी’ के आधार पर 1935 में भारतीय रिजर्व बैंक की स्थापना हुई, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उन्होंने अप्रैल माह को ‘अम्बेडकर माह’ के रूप में मनाने की अपील भी की।
विशिष्ट अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार प्रबुद्ध ने कहा कि बाबा साहब को केवल एक वर्ग तक सीमित करना उनके योगदान को कम आंकना है। उन्होंने महिलाओं, कर्मचारियों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
कार्यक्रम में हजारों लोगों की सहभागिता रही। सभा की अध्यक्षता दिनेश चंद्रा तथा संचालन सुरेश अकेला ने किया, जबकि जुलूस का नेतृत्व जिला अध्यक्ष महेंद्र ने किया।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









