Search
Close this search box.

बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा भुसावल में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल आयोजित

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा दिनांक 30 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा विषय पर एक लघु प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भुसावल रेलवे स्टेशन पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ डी.एस.ओ. श्री अरुण प्रताप द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।


इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य किसी भी आपदा अथवा युद्धकालीन परिस्थितियों में रेलकर्मियों एवं सामान्य नागरिकों को स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना था।


इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बरेका के 33 एवं सेंट्रल रेलवे के लगभग 50 रेलकर्मियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान आपदा की विभिन्न परिस्थितियों से निपटने हेतु प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी तथा आपसी समन्वय से कार्य करने के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए।

इसी क्रम में दिनांक 02 फरवरी 2026 को रेलवे उच्च माध्यमिक विद्यालय, भुसावल में एक भव्य मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 रेलकर्मियों, विद्यालय के शिक्षक,कर्मचारी तथा विद्यार्थियों एवं आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान आपदा अथवा युद्धकालीन परिस्थितियों में बहुमंजिला इमारतों से हताहतों को सुरक्षित बाहर निकालने की विभिन्न तकनीकों जैसे- दो समानांतर रस्सी विधि, रपेलिंग विधि का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त आग बुझाने की विभिन्न विधियों, प्राथमिक उपचार तथा हताहतों को सुरक्षित रूप से चिकित्सालय तक पहुँचाने की तीव्र प्रक्रियाओं का भी सजीव एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर बरेका के शिविर निदेशक, डॉ. एस.के. मौर्य, उपनिदेशक, मारकंडेय मिश्रा, रेलवे उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एस.एन. छावल, डी.ई.एन.भुसावल मंडल, सेंट्रल रेलवे पचम सिंह, सहित सी.डी.आई. आशीष, सुनील कुमार, के.के. पांडेय, वी.एस. पांडे एवं अन्य अधिकारी व प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन वरिष्ठ निरीक्षक संपूर्णानंद मिश्रा द्वारा किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें