Search
Close this search box.

मीरजापुर : एसआईआर नोटिस को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, समय बढ़ाने की मांग

मीरजापुर में आम आदमी पार्टी ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के तहत जारी किए जा रहे “लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी नोटिस” को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि इस नोटिस के नाम पर आम लोगों का शोषण किया जा रहा है और मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने की साजिश हो रही है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी मीरजापुर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एसआईआर नोटिस के जवाब की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की।

सुनील कुमार पांडे ने बताया कि जिन मतदाताओं ने पहले ही अपने सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए हैं और जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची या परिवार सूची से मेल खाता है, उन्हें भी चुनाव आयोग के निर्देश पर नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस एसआईआर फॉर्म में कथित कमी के कारण भेजी जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह नोटिस संबंधित बीएलओ को मतदाताओं तक पहुंचानी थी, लेकिन कई क्षेत्रों में बीएलओ ने अब तक नोटिस बांटी ही नहीं। जबकि नोटिस का जवाब देने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 तय की गई थी। ऐसे में मतदाता जवाब कैसे दे पाएंगे, यह बड़ा सवाल है।

शिकायत मिलने पर सुनील कुमार पांडे ने राजकीय इंटर कॉलेज जाकर मौके पर जांच की, जहां यह सामने आया कि कई बीएलओ ने अभी तक मतदाताओं को नोटिस नहीं दी है। इससे मतदाता पुनरीक्षण के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और वे अपने मतदान अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि एसआईआर नोटिस की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि बीएलओ नोटिस बांट सकें और मतदाता समय पर जवाब दे सकें। साथ ही पार्टी ने चेतावनी दी है कि नोटिस की आड़ में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न काटा जाए। ऐसा होने पर पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट, मनीष कुमार सिंह एडवोकेट, राकेश कुमार वर्मा एडवोकेट, संतोष सोनी, खुशबू बिंद एडवोकेट, अशोक साहनी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Comment

और पढ़ें