दुद्धी। दुद्धी बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चुनावी माहौल गरमाने लगा है। बुधवार को चुनाव अधिकारी के समक्ष विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की गई, जिससे बार परिसर में गहमागहमी बढ़ गई। अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता कुलभूषण पांडे ने नामांकन दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कर दी है।
चुनाव अधिकारी प्रेमचंद जायसवाल ने जानकारी दी कि मंगलवार को कुल सात नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें अध्यक्ष पद के लिए एक, उपाध्यक्ष (दस वर्ष से अधिक) पद के लिए दो, सचिव पद के लिए एक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए एक तथा उपाध्यक्ष (दस वर्ष से कम) पद के लिए दो नामांकन पत्र शामिल हैं। अब तक केवल अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन दाखिल हुआ है, जबकि अन्य पदों के लिए खरीदे गए पर्चों का दाखिला आगामी तिथियों में संभावित है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। संभावित प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे दिखाई दिए। बार परिसर में दिनभर चुनावी चर्चाओं का दौर चलता रहा और विभिन्न पदों के लिए संभावित नामों पर कयास लगाए जाते रहे।
इस मौके पर सहचुनाव अधिकारी बिहारी लाल गुप्ता, देवी शरण अग्रहरी एवं कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे। चुनाव अधिकारियों ने प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
हालांकि, नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अब तक मतदाता सूची प्रकाशित न किए जाने को लेकर अधिवक्ताओं में असंतोष देखने को मिला। कई अधिवक्ताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए समय रहते वोटर लिस्ट जारी की जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। उनका कहना है कि मतदाता सूची जारी होने से प्रत्याशियों को अपनी रणनीति तय करने में भी सुविधा होगी।
बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर बढ़ती सक्रियता से साफ है कि आने वाले दिनों में मुकाबला और रोचक होने वाला है। अब सभी की निगाहें मतदाता सूची के प्रकाशन और शेष नामांकन दाखिले पर टिकी हैं।








