वाराणसी। Indian Railways के रेलवे बोर्ड में अपर सदस्य (पर्यटन एवं खानपान) संजय मिश्रा ने अपने एक दिवसीय दौरे के अंतर्गत 01 मार्च 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के साथ-साथ रेल राजस्व में वृद्धि की संभावनाओं की समीक्षा करना रहा।

निरीक्षण के क्रम में मिश्रा ने Indian Railway Catering and Tourism Corporation (आईआरसीटीसी) द्वारा संचालित फूड प्लाजा, फूड कैटरिंग स्टॉल, यात्री निवास, डोरमेट्री, वातानुकूलित पुरुष एवं महिला प्रतीक्षालय, पे एंड यूज शौचालय, सामान्य यात्री हाल स्थित टिकट काउंटर, एटीवीएम, डिजिटल चार्टिंग, ‘वन स्टेशन वन उत्पाद’ स्टॉल, वाटर वेंडिंग स्टॉल, रेल कोच रेस्टोरेंट तथा स्टेशन कॉनकोर्स सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं एवं उनमें प्रयुक्त एसेट्स का निरीक्षण किया।

‘वन स्टेशन वन उत्पाद’ स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बनारसी साड़ी एवं ब्लैक पॉटरी स्टॉलों पर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, मूल्य निर्धारण तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। स्टॉल संचालकों से संवाद कर योजना के क्रियान्वयन, बिक्री व्यवस्था और यात्रियों की प्रतिक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ‘वन स्टेशन वन उत्पाद’ योजना का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देना तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।
इसके पश्चात उन्होंने स्टेशन पर संचालित फूड प्लाजा के किचन, रिटायरिंग रूम तथा बोतल क्रशिंग मशीन की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण टीम ने किचन में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था एवं कर्मचारियों द्वारा अपनाए जा रहे स्वच्छता मानकों की गहन समीक्षा की। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए।
रिटायरिंग रूम में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, लिनेन व्यवस्था, टी-पॉट, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान पार्सल कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया और उसकी आय पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
इसके अतिरिक्त स्टेशन पर स्थापित डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों में चार्जिंग पॉइंट्स एवं बोतल क्रशिंग मशीन की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया, जिस पर उन्होंने व्यवस्था की सराहना की।
निरीक्षण उपरांत श्री मिश्रा ने अधिकारियों को डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने, रेल कोच रेस्टोरेंट के व्यापार में वृद्धि करने तथा रेल राजस्व बढ़ाने के लिए नए उपक्रम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी. के. सिंह, पी. सी. रावत एवं स्टेशन निदेशक लवलेश राय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।








