बलिया।जनपद में दिनांक 28.02.2026 को पुलिस लाइन परिसर में सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने की।

इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे तीनों अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र, सूटकेस, घड़ी एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की।उल्लेखनीय है कि लीडिंग फायरमैन राजेश राय (फायर स्टेशन बांसडीह रोड), उप निरीक्षक स0पु0 श्री विजय बहादुर यादव (पुलिस लाइन) तथा उप निरीक्षक ना0पु0 श्री सुरेश कुमार सिंह (यातायात पुलिस लाइन) ने अपनी सम्पूर्ण सेवाकाल के दौरान निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर वे आज सेवानिवृत्त हुए।

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर श्री मो0 उस्मान ने भी उपस्थित होकर सभी सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए तथा उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में उनकी सेवाएँ सदैव स्मरणीय रहेंगी।

इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक श्री सुभाषचन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारीगण ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल जीवन की कामना की।समारोह भावुक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहाँ उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सेवानिवृत्त साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया








