हरदोई। होली पर्व के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। संडीला एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया ने क्षेत्र के होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीओ बघौली एवं कछौना थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे। ग्राम खजोहना और कछौना में चिन्हित होलिका दहन स्थलों की जांच की गई। अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा मानकों, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, अग्निशमन के इंतजाम तथा संवेदनशील बिंदुओं की समीक्षा की।
इसके साथ ही आतिशबाजी की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को निर्धारित मानकों का पालन करने, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज साथ रखने और ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम नारायणी भाटिया ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि होलिका दहन एवं होली का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
ओमजीत यादव, उजाला संचार न्यूज








