बलिया में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, डीएम–एसपी ने दिए सख्त निर्देश
बलिया, 13 फरवरी 2026।
जनपद बलिया में आगामी यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय सभागार, बलिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बलिया एवं पुलिस अधीक्षक बलिया ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, सर्किल ऑफिसर तथा अध्यापकगण उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता और अनुशासन के साथ सम्पन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। परीक्षा में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को विधिवत ब्रीफ कर समय से केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य किया जाए।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि पूर्व में परीक्षा संबंधी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे अभियुक्तों पर कड़ी नजर रखी जाए। प्रत्येक थाना क्षेत्र में ऐसे तत्वों की निगरानी बढ़ाई जाए ताकि किसी भी प्रकार की नकल या अवैध गतिविधि को रोका जा सके।
इसके साथ ही परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा के दौरान सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।

बैठक में यूपी बोर्ड के अधिकारियों द्वारा परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक निर्देशों से उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया गया और समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सीडीओ महोदय, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बलिया से संजय सिंह





