वाराणसी। कमिश्नरेट में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ पारंपरिक रूप से होली उत्सव मनाया। पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस लाइन तथा पुलिस आयुक्त आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में सभी अधिकारी और कर्मचारी रंग, अबीर और गुलाल में सराबोर होकर उत्सव में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द्र का संदेश दिया। इस अवसर पर संगीत, लोकगीत और नृत्य का आकर्षक संगम भी देखने को मिला, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

रंगों के इस पर्व पर सभी ने मिलकर खुशियाँ साझा कीं और पारंपरिक तरीके से होली मनाई।पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने इस अवसर पर जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही होली का पर्व जिले भर में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।

उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। इस तरह के अवसर लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियाँ बाँटने और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करते हैं।

पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सभी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

होली मिलन समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। रंगों और संगीत के बीच पुलिसकर्मियों ने मिलकर त्योहार की खुशियाँ मनाईं और आपसी एकता व भाईचारे का संदेश दिया।








