मिर्जापुर । जनपद में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अंकित सिंह यादव के साथ कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सर्वदलीय घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्र नेताओं और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं मंत्री कैलाश चौरसिया ने किया। उनके साथ समाजवादी पार्टी, जिला कांग्रेस कमेटी, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी सहित कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कटरा बैद्यनाथ सिंह, अजय प्रताप सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि एक अधिवक्ता और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में पुलिस का रवैया निरंकुश होता जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन, निष्पक्ष जांच, पीड़ित को न्याय एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की गई।प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
गौरव केसरी रिपोर्टिंग।








