मिर्जापुर । जनपद के थाना चिल्ह क्षेत्र अंतर्गत मुगलपट्टी गांव में मारपीट और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित करन पुत्र फनगीलाल सोनकर ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 20 मार्च 2026 की शाम लगभग 5 बजे पुरानी रंजिश के चलते सुजीत यादव उर्फ लालू यादव अपने साथियों के साथ उनके घर में घुस आए।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में विनोद सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना तुरंत थाना चिल्ह को दी गई और वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए। पीड़ित का आरोप है कि उनकी ओर से दर्ज एफआईआर संख्या 42/2026 पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि विपक्षी पक्ष की एफआईआर संख्या 43/2026 पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन पर एकतरफा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजर प्रशासन की निष्पक्षता पर टिकी है।
रिपोर्टिंग गौरव केशरी।







