बलिया। जनपद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मक्का तोड़ने के विवाद में एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मामला बलिया के रेवती थाना क्षेत्र के कस्बा रेवती, वार्ड नंबर 3 का है। यहां 65 वर्षीय श्रीराम पाण्डेय अपने डेरे पर अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि उनका गांव के ही भृगुनाथ सिंह से मक्का के खेत को लेकर विवाद हो गया था।
आरोप है कि नशे की हालत में श्रीराम पाण्डेय ने खेत में लगी मक्का को उखाड़ दिया था, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर आरोपी पक्ष ने पहले धमकी दी और फिर देर रात उनके घर पहुंचकर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया।
सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही एएसपी दक्षिणी कृपा शंकर और सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि भृगुनाथ सिंह और उनके बेटों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:15 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया मामला मक्का तोड़ने के विवाद से जुड़ा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आनन्द मोहन मिश्रा रिपोर्टिंग बलिया ।







