बलिया । जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 24 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह द्वारा थाना उभांव का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में नव-निर्मित एवं जिर्णोद्धारित मेस का उद्घाटन भी किया। निरीक्षण के क्रम में थाना भवन, बैरक, मेस एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया तथा साफ-सफाई और रखरखाव को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना मालखाना एवं कार्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण रजिस्टरों—अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, हत्या, गुमशुदगी एवं पासपोर्ट आदि—का सूक्ष्म निरीक्षण कर अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेल्मेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही साइबर ठगी से बचाव हेतु जागरूक करते हुए 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा रजिस्टरों में दर्ज शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेकर पुलिस कार्रवाई की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया।

कंप्यूटर कक्ष में CCTNS प्रणाली के अंतर्गत पंजीकरण, गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती, ऑनलाइन केस डायरी एवं जीडी की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे कोई भी प्रार्थना पत्र लंबित न रहे।

थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निरंतर कार्यशीलता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यक्ष (YAKSH) ऐप को अपडेट रखने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बढ़ाने तथा IRAD ऐप पर सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी समय से अपलोड करने पर भी बल दिया गया।

डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण एवं फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।अंत में सभी पुलिसकर्मियों को थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं शस्त्रागार में रखे हथियारों की नियमित देखभाल हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






