वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र स्थित पिसौर पुल के पास इन दिनों कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि यहां हर शाम खुलेआम शराबियों की महफिल सजती है, जिससे आसपास के लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिसौर पुल के पास स्थित बाड़ू बीर बाबा मंदिर के ठीक सामने नशेड़ियों ने स्थायी ठिकाना बना लिया है। इसी रास्ते से रोजाना हजारों महिलाएं, बच्चे और छात्र-छात्राएं कोचिंग व दैनिक जरूरतों के लिए गुजरते हैं, लेकिन शाम होते ही यहां से निकलने में डर महसूस करते हैं। लोगों को आशंका रहती है कि नशे की हालत में कोई अप्रिय घटना न हो जाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इस समस्या से भली-भांति परिचित होने के बावजूद निष्क्रिय बनी हुई है। कभी-कभार थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर औपचारिकता निभाते हुए लौट जाते हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पूर्व इसी क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इसके अलावा भरथरा कस्बे में सोने-चांदी की दुकान में हुई लाखों की चोरी और थाने के पास से चार बकरियों के चोरी होने की घटनाओं का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है।
कस्बा चौकी इंचार्ज के कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि शिकायत लेकर जाने वाले लोगों की सुनवाई नहीं होती और जांच-पड़ताल में भी लापरवाही बरती जाती है।
क्षेत्रीय जनता ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि लोहता थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके।








