बलिया । जनपद के बैरिया थाना क्षेत्र के भुवाल छपरा गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया, जिसमें अशोक ठाकुर गोली लगने से घायल हो गए। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने स्थानीय मीडिया से बातचीत करते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।
अशोक ठाकुर के अनुसार, उनका पिछले लगभग दो वर्षों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है, जो समय-समय पर तनाव का कारण बनता रहा है।उन्होंने बताया कि सोमवार को जब उनके खेत में फसल कटाई का कार्य चल रहा था, तभी आरोपियों ने पहुंचकर मजदूरों को वहां से भगा दिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस घटना के बाद उन्होंने डायल 112 और स्थानीय थाने में सूचना देकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।अशोक ठाकुर ने आगे बताया कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब वह अपने घर के बाहर मवेशियों को चारा डाल रहे थे, तभी चार लोग वहां पहुंचे और उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया।








