वाराणसी/छपरा: रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की सुरक्षा एवं मानव तस्करी रोकथाम के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एक सराहनीय कार्रवाई सामने आई है।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के नेतृत्व में 9 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 18182 थावे-टाटानगर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर आगमन के दौरान यह घटना घटी।
बताया गया कि महिला यात्री उर्मिला कुंवर ट्रेन में चढ़ रही थीं, तभी सोनू कुमार माली नामक युवक उनका सोने का जीउतिया माला, कान की बाली समेत अन्य सामान लेकर भागने लगा। महिला द्वारा शोर मचाने पर मौके पर मौजूद आरपीएफ व जीआरपी टीम तुरंत सक्रिय हो गई।
छपरा रेलवे स्टेशन पर उप निरीक्षक संजय कुमार राय, सहायक उपनिरीक्षक विजय रंजन मिश्र, हेड कांस्टेबल रामसूरत यादव एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने संयुक्त घेराबंदी कर आरोपी को सामान सहित गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है, जिसे पहचान के बाद पीड़ित महिला को वापस कर दिया गया। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस को सौंप दिया गया है। पीड़िता उर्मिला कुंवर ने समय पर कार्रवाई के लिए रेल प्रशासन एवं सुरक्षा बल की सराहना की है।








