बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में 22 फरवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित होगा।
शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा ने 19 फरवरी 2026 को प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री संजय कुमार गोंड ने प्रचार वाहन को संचालित किया।
दीवानी न्यायालय परिसर, बलिया से रवाना हुआ यह प्रचार वाहन जनपद की समस्त तहसीलों का भ्रमण कर आमजन को शिविर के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी देगा तथा अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेगा।
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर में वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना तथा किसानों एवं दिव्यांगजनों से संबंधित योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान न्यायालय के अपर जनपद न्यायाधीशगण, न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, अधिवक्तागण, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, पैरालीगल वॉलेंटियर्स, वादकारीगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनसामान्य से अपील की है कि वे 22 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं।









