डीएम ने कर-राजस्व और जल जीवन मिशन के कामों की की समीक्षा
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर, गैर-कर और राजस्व से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सभी विभागों के कामकाज की स्थिति देखी गई और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई गई।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने भरौली क्षेत्र के पास कैमरे लगाने के निर्देश दिए। खनन से जुड़े नवीनीकरण कार्य संतोषजनक पाए गए। वहीं बिजली विभाग, मंडी समिति और परिवहन विभाग द्वारा तय लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और वसूली में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि अब सिर्फ मासिक नहीं, बल्कि पूरे साल के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम किया जाए। सभी विभागों को मार्च तक हर हाल में अपना लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। वाणिज्य कर विभाग की प्रगति केवल 77 प्रतिशत होने पर स्पष्टीकरण मांगा गया। स्टांप और निबंधन विभाग (सदर) से भी जवाब तलब किया गया।
बैठक में सरकारी राशन दुकानों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि जो भी राशन दुकानें खाली हैं, उनका आवंटन नियमों के अनुसार जल्द से जल्द किया जाए। यदि कहीं विवाद की स्थिति हो, तो तहसील स्तरीय समिति निर्णय लेगी। उन्होंने साफ कहा कि वर्ष 2024 से जो भी राशन दुकानें खाली पाई जाएंगी, उसके लिए संबंधित एसडीएम, बीडीओ और सप्लाई इंस्पेक्टर जिम्मेदार होंगे। किसी भी हालत में 15 दिन के भीतर दुकान का संचालन शुरू हो जाना चाहिए और कोई भी दुकान एक महीने से ज्यादा खाली नहीं रहनी चाहिए।
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि जिन जगहों पर अन्नपूर्णा भवन बन चुके हैं, वहीं से राशन वितरण कराया जाए। किसी अन्य स्थान से वितरण न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।









