Search
Close this search box.

बलिया: दोकटी पुलिस ने पिता की हत्या के आरोप में पुत्र व पुत्रवधू को किया गिरफ्तार, चाकू बरामद

बलिया। बलिया जनपद के थाना दोकटी क्षेत्र में पिता की चाकू से गोदकर हत्या करने तथा दो भाइयों को घायल करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त व एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अदद चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के मार्गदर्शन तथा प्रभारी उपनिरीक्षक आशुतोष मध्देशिया के नेतृत्व में दोकटी पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

प्रकरण के अनुसार, ग्राम भगवानपुर थाना दोकटी निवासी चिंता देवी पत्नी लालजी यादव द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि पारिवारिक कलह के चलते मुकेश यादव ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी के उकसावे पर अपने पिता लालजी यादव पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके भाई राकेश यादव व गोविंद यादव को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल लालजी यादव को सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय बलिया रेफर किया गया। इस संबंध में थाना दोकटी पर मु0अ0सं0 22/2026 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना की जा रही थी।

14 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोनिया मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास से अभियुक्त मुकेश यादव (उम्र लगभग 25 वर्ष) एवं अभियुक्ता पुष्पा देवी (उम्र लगभग 22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग एवं उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन किया गया।

बरामदगी:

  • हत्या में प्रयुक्त 01 अदद चाकू

गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:

  • प्रभारी उ0नि0 आशुतोष मध्देशिया
  • कांस्टेबल राजीव कुमार
  • कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव
  • कांस्टेबल रामबाबू गोस्वामी
  • महिला कांस्टेबल कविता चौहान

पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संजय सिंह, रिपोर्टर बलिया उत्तर प्रदेश

Leave a Comment

और पढ़ें