बलिया। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, बलिया में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जनपद के समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण, संभ्रांत नागरिक, डीजे संचालक तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के आमजन उपस्थित रहे। इस दौरान महाशिवरात्रि, रमजान, होली सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर शासन एवं माननीय न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने सभी को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों एवं आमजन से संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन चेकिंग कराई जा रही है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी अराजक तत्व द्वारा त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में आमजन से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।








