बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने तहसील सिकंदरपुर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई जगह अव्यवस्थाएं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्थित तालाब की स्थिति का अवलोकन किया। तालाब की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने नगर पालिका सिकंदरपुर को तालाब के सुंदरीकरण, नियमित जलभराव तथा सुरक्षा की दृष्टि से चारों ओर रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब के समीप खाली पड़ी भूमि पर आमजन के उपयोग हेतु पार्क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने तहसील में आने-जाने वाली सड़क की स्थिति का भी निरीक्षण किया और सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उप कोषागार कार्यालय में उप निबंधन कार्यालय को शिफ्ट करने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के क्रम में ग्राम न्यायालय का भी जायजा लिया गया, जहां शौचालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम न्यायालय परिसर में संचालित कैंटीन को नीलामी के माध्यम से हटाकर वहां अन्य कार्यालय शिफ्ट करने के भी निर्देश दिए गए।
तहसील परिसर में चारों ओर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और नगर पालिका सिकंदरपुर को 15 दिनों तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने तहसील गेट के सामने लगे जनरेटर को तहसील सभागार के पीछे शिफ्ट कराने तथा विद्युत विभाग द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए।
न्यायालय कक्षों के निरीक्षण के दौरान अलमारियों में रखी फाइलें अव्यवस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संजय सिंह
प्रेस रिपोर्टर, बलिया









