वाराणसी । स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनों का निर्माण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने 2 अप्रैल 2026 को कार्यशाला पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कार्यशाला परिसर में नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन भी किया, जो बरेका की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि 572 रेल इंजनों का अभूतपूर्व उत्पादन बरेका की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह अब तक के सभी वित्तीय वर्षों में सर्वाधिक उत्पादन का नया रिकॉर्ड है, जो भारतीय रेल को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बरेका ने प्रति कार्य दिवस करीब 1.9 रेल इंजनों का निर्माण कर अपनी उत्पादन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। इस वर्ष कुल 558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया गया, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। इसमें WAG-9 के 401, WAP-7 के 143 तथा अमृत भारत श्रेणी के 14 इंजन शामिल हैं।
बरेका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत करते हुए मोजाम्बिक को 10 रेल इंजनों का निर्यात किया तथा गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए 4 डीजल इंजन तैयार किए। स्थापना से अब तक बरेका द्वारा कुल 11,259 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिसमें 2,925 विद्युत इंजन शामिल हैं।
महाप्रबंधक ने कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि टीम बरेका भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 642 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस अवसर पर बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






