वाराणसी । वाराणसी मंडल ने हरित एवं सतत परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए बनारस (BNRS) रेलवे स्टेशन पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में इस सुविधा के लिए ई-नीलामी के माध्यम से लाइसेंस प्रदान किया गया है, जिसकी वार्षिक फीस 2.67 लाख रुपये तय हुई है।

यह वाराणसी मंडल की इस प्रकार की पहली पहल है।यह बैटरी स्वैपिंग सुविधा यात्रियों, आगंतुकों और अंतिम मील परिवहन जैसे ई-रिक्शा व दोपहिया वाहनों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इसके माध्यम से डिस्चार्ज बैटरियों को मात्र कुछ मिनटों में चार्ज बैटरियों से बदला जा सकेगा, जिससे समय की बचत होगी और परिवहन व्यवस्था अधिक कुशल बनेगी।
साथ ही, यह पर्यावरण अनुकूल वाहनों के उपयोग को भी बढ़ावा देगा।स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में इस सुविधा को सुव्यवस्थित तरीके से स्थापित किया गया है, ताकि यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो और उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो सके।
यह रेलवे के लिए गैर-भाड़ा राजस्व का एक नया स्रोत भी बनेगा।गौरतलब है कि बैटरी स्मार्ट स्वैप स्टेशन एक भारतीय नेटवर्क है, जो इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरी-एज़-ए-सर्विस मॉडल पर काम करता है।
आईआईटी कानपुर के स्नातकों द्वारा स्थापित यह नेटवर्क देश के कई शहरों में अपनी सेवाएं दे रहा है और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।







