Search
Close this search box.

हरदोई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹16.42 करोड़ के GST फ्रॉड में 3 आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹16.42 करोड़ के जीएसटी फ्रॉड मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) अन्य राज्यों की कंपनियों में ट्रांसफर किया।

वादी रविन्द्र कुमार, उपयुक्त राज्य कर, खंड-01 जनपद हरदोई द्वारा थाना कोतवाली शहर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि फर्जी कंपनी के माध्यम से लगभग ₹16.42 करोड़ की आईटीसी ट्रांसफर की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान फर्जी फर्मों के जरिए आर्थिक अनियमितता का खुलासा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों में योगेंद्र सिंह निवासी ईस्ट विनोद नगर, थाना कल्याणपुर, ईस्ट दिल्ली; निशांत दर्शन निवासी हरीनगर, नई दिल्ली; तथा हिमांशु कुमार निवासी राजौरी गार्डन, दिल्ली शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में अन्य राज्यों की कंपनियों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

कोतवाली शहर पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ओमजीत यादव
उजाला संचार न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें