Search
Close this search box.

मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 55 लाख के मादक पदार्थ व अवैध शराब बरामद, दो अभियुक्त गिरफ्तार

मिर्जापुर। दिनांक 03.03.2026 को मिर्जापुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों एवं कच्ची देशी शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 55 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन, गांजा, अवैध शराब, शराब बनाने के उपकरण तथा ₹30,180 नकद धनराशि बरामद कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में होली पर्व एवं आगामी त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस को यह सफलता प्राप्त हुई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शुक्लहा क्षेत्र में दबिश देकर बच्चे लाल सोनकर (65 वर्ष) निवासी शुक्लहा, थाना कोतवाली देहात, मीरजापुर को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 12 जरीकेन में 600 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब, शराब बनाने के उपकरण, 02 गैस चूल्हे, 01 गैस सिलेंडर, 04 स्टील ड्रम पाइप सहित, 01 लोहे की कड़ाही, 02 एल्युमिनियम पात्र, 252 ग्राम हेरोइन (अनुमानित कीमत ₹50 लाख), 3.600 किग्रा गांजा (अनुमानित कीमत ₹1.75 लाख) तथा ₹30,180 नकद बरामद किए गए।

पूछताछ व छापेमारी के दौरान दिलीप सोनकर (35 वर्ष) निवासी महुवरिया, थाना कोतवाली शहर, मीरजापुर को भी रमईपट्टी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना कोतवाली देहात पर मु0अ0सं0-101/2026 धारा 60, 60(2) आबकारी अधिनियम एवं 8/20/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक परमहंश कुमार, उपनिरीक्षक मधुसूदन राय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी।

Leave a Comment

और पढ़ें