मीरजापुर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में थाना अहरौरा पुलिस टीम ने एक अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अहरौरा अजय कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ 22 मार्च को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम हिनौता स्थित सुरभी शोध संस्था के पास पहुंचे। वहां संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक कार (UP 32 KT 8117) और एक पिकअप (CH 01 TB 6982) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 25 किलोग्राम और पिकअप से 90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
इस प्रकार कुल 115 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपये बताई जा रही है, पुलिस ने जब्त किया।इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर विनोद कुमार पुत्र गंगा प्रसाद पांडेय, निवासी विमौर थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर गोण्डा जा रहे थे। वह खुद कार में आगे-आगे चलकर निगरानी कर रहा था, जबकि उसका साथी पिकअप में पीछे-पीछे आ रहा था।इस मामले में थाना अहरौरा पर मु0अ0सं0 63/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र, मुख्य आरक्षी शशि प्रताप सिंह और मुख्य आरक्षी अमिताभ राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






