बलिया। होली त्योहार के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्वास्थ्यकर दशा एवं खराब गुणवत्ता की 43.5 किलोग्राम मिठाइयों को नष्ट कराया। नष्ट की गई मिठाइयों की अनुमानित कीमत ₹10,230 बताई गई है। साथ ही दो दुकानों से मिठाई के नमूने भी संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा सहायक आयुक्त (खाद्य) आजमगढ़ मंडल के निर्देश पर की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डॉ. वेद प्रकाश मिश्र के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरीन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने पाण्डेय का टोला, मियाँ चक, बलिया स्थित दो मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बर्फी एवं छेना स्वीट्स के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। साथ ही खराब गुणवत्ता एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार मिठाइयों को विनष्ट कराया गया, जिनमें—
- छेना 10.5 किग्रा (₹3,150)
- बर्फी 8 किग्रा (₹1,280)
- छेना स्वीट्स 25 किग्रा (₹2,500)
- गुलाब जामुन 33 किग्रा (₹3,300)
शामिल हैं। कुल ₹10,230 मूल्य की मिठाइयों को नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डॉ. वेद प्रकाश मिश्र ने आमजन से अपील की है कि बाजार में उपलब्ध अत्यधिक गहरे रंग की मिठाइयों की खरीद से बचें। साथ ही मिठाई निर्माताओं एवं विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे खाद्य रंगों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही करें। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टर, बलिया








