Search
Close this search box.

मऊ में श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकराई, 40 तक घायल—अयोध्या से लौट रहे थे यात्री

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब अयोध्या से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 35 से 40 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस अयोध्या से बलिया लौट रही थी। रात करीब 1:30 बजे रतनपुरा-मुबारकपुर रोड पर हलधरपुर थाना क्षेत्र में अचानक बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी जोगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि श्रद्धालु अयोध्या में आयोजित महायज्ञ में शामिल होकर लौट रहे थे। इस कार्यक्रम के लिए बलिया से करीब 51 बसों में श्रद्धालुओं को भेजा गया था।

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

संवाददाता: अवधेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें