नासिक में एक कथित बाबा द्वारा महिलाओं के साथ दुष्कर्म और शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार खरात उर्फ ‘कैप्टन बाबा’ को गिरफ्तार कर लिया है।
36 वर्षीय पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद संतान न होने के कारण वह सामाजिक और पारिवारिक दबाव झेल रही थी। इसी दौरान वह अप्रैल 2022 से दिसंबर 2024 के बीच कई बार बाबा के संपर्क में आई। आरोप है कि आरोपी ने तंत्र-पूजा के नाम पर उसे झांसे में लिया और नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाबा ने खुद को “भगवान शिव का अवतार” बताकर उसे गुमराह किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 150 से अधिक महिलाओं का इसी तरह शोषण किया हो सकता है। इसके अलावा नरबलि जैसी आशंकाओं को लेकर भी जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसे 1 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







