Search
Close this search box.

बाघी में “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम: सांसद अफजाल अंसारी ने महंगाई, निजीकरण और संगठन मजबूती पर साधा निशाना

गाजीपुर। नन्दगंज के सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा बाघी में आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। यह कार्यक्रम यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष एवं सपा के सक्रिय नेता सुजीत यादव “साइकिल” के आवास पर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली।

अपने संबोधन में सांसद ने महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और सरकारी संपत्तियों के निजीकरण को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि ने गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

सांसद ने रेलवे, ट्रेन सेवाओं और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण का विरोध करते हुए कहा कि इससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और युवाओं के रोजगार के अवसर भी घटेंगे। उन्होंने चेताया कि ऐसी नीतियां देश में आर्थिक असमानता को और बढ़ावा देंगी।

उन्होंने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने पर जोर देते हुए अखिलेश यादव का उल्लेख किया और कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज की एकता को आगामी चुनावों में निर्णायक बताते हुए इसे मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सुजीत यादव “साइकिल” की भूमिका की सराहना करते हुए सांसद ने उन्हें जमीनी स्तर का मजबूत नेता बताया। इस दौरान यादव महासभा, पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक विकास महासंघ उत्तर प्रदेश और शौर्य सैनिक संगठन के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों समर्थकों ने सांसद का भव्य स्वागत किया। सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक रजनीकांत यादव और भगवान दास ने स्व. मुलायम सिंह यादव के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां देकर माहौल को भावुक बना दिया।

अंत में सांसद ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनता की समस्याएं उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें